Sunday, July 15, 2018

Simple Way Of Meditation

*ध्यान करने की सरल विधि*

ध्यान की महिमा से सभी लोग परिचित हैं। पर कैसे करें इस बारे में भ्रम में पड़े रहते हैं और इसीकारण शुरू नहीं कर पाते। वास्तव में ध्यान करने की अनेक विधियां हैं। हर बडे योगाचार्य ने ध्यान की अपनी अलग विधि बना रखी है और उसका अलग नाम भी रखा हुआ है। ताकि उनकी विशिष्टता बनी रहे। यह भी अहंकार का एक रूप है।

यहाँ मैं ध्यान करने की अनेक पद्धतियों के विस्तार में गये बिना इसकी सरलतम विधि के बारे में बताऊंगा। यदि आपका उद्देश्य ध्यान से मानसिक शांति और प्रसन्नता प्राप्त करना है तो आप इसको अपना सकते हैं और पूरा लाभ उठा सकते हैं।

1. सबसे पहले ध्यान के लिए एक ऐसा समय निश्चित कीजिए जब आप लगभग खाली रहते हों और किसी भाग-दौड़ में न लगे रहते हों। इसके लिए प्रात: उठने के बाद या रात्रि को सोने से ठीक पहले का समय सबसे अच्छा है।

2. लघुशंका-दीर्घशंका आदि से निवृत्त हो लीजिए ताकि आपको बीच में न उठना पड़े। यदि स्नान करके ध्यान करें तो और भी अच्छा है, पर यह अनिवार्य नहीं है।

3. ध्यान करने के लिए ऐसी जगह का चुनाव कीजिए जहाँ आप बिना किसी व्यवधान के देर तक बैठ सकें। अपने घर या बिल्डिंग की छत या कोई पार्क या किसी नदी का किनारा इसके लिए सबसे अच्छा रहता है क्योंकि वहाँ हवा शुद्ध होती है। इनके अभाव में आप अपने घर के किसी एकांत कमरे या बरामदे का भी उपयोग कर सकते हैं या अपने बिस्तर पर ही बैठकर कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में अपने घर वालों को स्पष्ट निर्देश दे दें कि चाहे प्रलय ही क्यों न आ जाये, पर कोई भी आपके ध्यान में बाधा नहीं डालेगा।

4. किसी चटाई, दरी या कम्बल को बिछाकर आराम से बैठ जाइए। नंगी ज़मीन या घास पर ध्यान करना उचित नहीं। कुछ न कुछ बिछावन अवश्य होनी चाहिए।

5. अब किसी ऐसे आसन में बैठिए जिसमें आप देर तक यानी लगभग ५ मिनट तक बिना हिले-डुले या पैर बदले बैठ सकें। सुखासन या सिद्धासन इसके लिए सबसे अच्छा रहता है। साधारण पालथी मारकर बैठने को सुखासन कहते हैं। सिद्धासन लगाने के लिए पहले एक पैर को मोड़कर जंघामूल में लगाइए और फिर दूसरे पैर को उठाकर पहले पैर की पिंडली पर (जाँघ पर नहीं) रखिए। जो व्यक्ति पैर मोड़कर बैठने में असमर्थ हैं वे किसी कुर्सी पर सीधे बैठकर ध्यान कर सकते हैं। किसी भी स्थिति में रीढ़ की हड्डी और गरदन एकदम सीधी अर्थात् ज़मीन के लम्बवत् रहनी चाहिए।

6. सबसे पहले तीन मिनट तक अनुलोम-विलोम प्राणायाम कीजिए जिसमें बारी-बारी से बायें और दायें नथुने से साँस ली जाती है और विपरीत नथुने से निकाली जाती है। यह प्राणायाम तीन से पाँच मिनट तक कीजिए। इससे मन बहुत कुछ शान्त हो जाएगा और आप ध्यान के लिए मानसिक रूप से तैयार हो जायेंगे। अब अगर आप चाहें तो पैर बदल सकते हैं यानी जो पैर नीचे है वह ऊपर और जो ऊपर है उसे नीचे कर सकते हैं ताकि दोनों पैरों पर बराबर जोर पड़े।

7. अब ध्यान प्रारम्भ कीजिए। इसमें आँखें बन्द करके अपने ध्यान को किसी एक बिन्दु पर केन्द्रित कीजिए जैसे भ्रूमध्य, नासिका का अग्रभाग, आपका हृदय आदि। भ्रूमध्य पर ध्यान लगाना सबसे अच्छा है क्योंकि वहाँ इड़ा-पिंगला-सुषुम्ना की त्रिवेणी होती है और वहीं आज्ञा चक्र भी होता है जिससे हमारा मस्तिष्क संचालित होता है। यदि प्रारम्भ में यह आपको कठिन लगे तो केवल अपनी साँसों के आवागमन पर ध्यान लगाइए। देखिए कि साँस आ रही है-जा रही है।

8. ध्यान करते हुए आपका मन इधर उधर भटकता है, तरह-तरह के विचार मन में आते हैं। उनको ज़बर्दस्ती मत रोकिए, बल्कि अपने मन को उसी बिन्दु पर ले जाने की कोशिश कीजिए जिस पर आप ध्यान केन्द्रित कर रहे हैं। धीरे-धीरे आपके मन का भटकना कम होता जाएगा और ध्यान लगने लगेगा।

9. निश्चित अवधि तक ध्यान करने के बाद गायत्री मंत्र बोलिए और प्रभु को धन्यवाद देकर उठ जाइए।

10. प्रारम्भ में पाँच मिनट ध्यान करना पर्याप्त रहेगा। फिर हर दो तीन दिन बाद एक मिनट बढ़ाकर धीरे-धीरे २० मिनट या अधिक समय तक भी पहुँच सकते हैं।

ध्यान की अवधि निश्चित करने के लिए घड़ी के अलार्म की आवश्यकता नहीं है। बस संकल्प कर लीजिए कि इतने मिनट करना है। और आप लगभग उतने ही मिनट बाद अपने आप आँखें खोल देंगे। कुछ कम-अधिक समय हो जाये तो भी चिन्ता की कोई बात नहीं है।

ध्यान हमेशा प्रसन्नतापूर्वक करना चाहिए और उसके बाद भी प्रसन्नमुख रहना चाहिए। इसमें नियमित होना अनिवार्य है। जैसे-जैसे आप ध्यान में आगे बढ़ेंगे, वैसे वैसे आपको नवीन अनुभव होंगे। इन्हें शब्दों में नहीं बताया जा सकता, बल्कि स्वयं ही अनुभव किया जा सकता है।

— *विजय कुमार सिंघल*
आषाढ़ शु १, सं २०७५ वि (१५ जुलाई, २०१८)

इतनी सटीक एवं व्याख्यित विधि हेतु साधुवाद। इस पोस्ट की सारगर्भिता को बढाने के लिए कुछ अनुभव  नए साधकों हेतु साझा करना चाहूंगा। *1* चूँकि प्रारम्भ के कुछ दिन ध्यान में बैठने के लिए उबाऊ होते हैं अतः प्रारम्भ के कुछ दिन जब भी आप एकांत में हों निरन्तर आँखे बंद करने का अभ्यास करते रहें एवं ध्यान के लिए बैठते समय विशेष रूप से इसका अभ्यास बढाएं। *2* आँखे बंद रखते समय आप पाएंगे कि आपके विचारों का प्रवाह निरन्तर जारी है जब कि आप निरन्तर विचारों से दूर भागते हुए भृकुटि के मध्य शून्य मैं विचरण नहीं कर पा रहे है कि इसी मध्य दूसरा विचार पहले विचार को खा जाएगा एवं आप असहज होते हुए दुसरे विचार मैं अपने आपको संलग्न पाएंगे। ऐसी स्थिति में आप मात्र मूक भाव से विचारों की इस श्रंखला को निहारते रहें लेकिन अपने आपको विचारों में संलग्न न करें। *3* बीच बीच मैं मन की आँखों को नासिका के अग्र भाग पर केंद्रित करते रहें। *4* आप निरन्तर विचलित होते रहेंगे लेकिन भृमित न हों, अपने आज्ञाचक्र मैं आप अनुभव करेंगे की एक ज्योति निरन्तर सुनहरी होती हुई चमक रही है एवं स्पष्ट होती जा रही है। *5* 10-15 दिनों के सतत अभ्यास से आपको कोई एक पल ऐसा अनुभव होगा जो आपको परम् आनंद जिसका आपने जीवन में कभी भी अनुभव नहीं किया, प्राप्त होगा और यहीं से आप की मस्ती बढ़ती जायेगी।  *6* एक बार इस पल का अनुभव करने पर आप ध्यान में प्रविष्ट हो चुके होंगे एवं अपने जीवन के नए अध्याय के आप स्वयं निर्माता हो चुके होंगे। धन्यवाद। -- जगमोहन गौतम

No comments:

Post a Comment